खरसिया रेलवे स्टेशन की यात्री सुविधाओं को लेकर GM को सौंपा ज्ञापन लिफ्ट-एस्केलेटर, बेहतर रैंप और बैटरी वाहन की मांग; GM ने दिया सकारात्मक आश्वासन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
खरसिया रेलवे स्टेशन की यात्री सुविधाओं को लेकर GM को सौंपा ज्ञापन
लिफ्ट-एस्केलेटर, बेहतर रैंप और बैटरी वाहन की मांग; GM ने दिया सकारात्मक आश्वासन

खरसिया। खरसिया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को हो रही परेशानियों को लेकर आज दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के महाप्रबंधक (GM) को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों, दिव्यांगजनों और भारी सामान लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं किए जाने की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि खरसिया स्टेशन रायगढ़ जिले का महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है, लेकिन प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 और 2 तक पहुंचने के लिए यात्रियों को 40 से अधिक ऊंची सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं। इससे वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ता है।
वहीं, स्टेशन पर मौजूद वर्तमान रैंप भी कई बार घुमावदार और अधिक ढाल वाला है, जिसके कारण व्हीलचेयर से आवागमन करना काफी कठिन हो जाता है। इसे यात्रियों के लिए अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाए जाने की मांग की गई।
ज्ञापन के माध्यम से प्रमुख रूप से प्लेटफॉर्म 1 और 2 की ओर लिफ्ट अथवा एस्केलेटर की व्यवस्था, वर्तमान रैंप को सीधा एवं कम ढाल वाला बनाने तथा स्थायी व्यवस्था होने तक वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए बैटरी वाहन उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।
ज्ञापन सौंपने वाले अंकित अग्रवाल, उपाध्यक्ष जिला युवा कांग्रेस रायगढ़ ने कहा कि यह विषय राजनीति से ऊपर उठकर जनहित और यात्री सुविधाओं से जुड़ा है। खरसिया की जनता को रेलवे स्टेशन पर सम्मानजनक और सुगम आवागमन की सुविधा मिलना जरूरी है।
बताया गया कि रेलवे महाप्रबंधक ने रखी गई मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया है। अब यात्रियों को इन सुविधाओं के धरातल पर लागू होने का इंतजार है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





