घरघोड़ा में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
घरघोड़ा में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
सरस्वती शिशु मंदिर के भैया-बहनों ने निकाली भव्य शोभायात्रा, दही हांडी फोड़कर मनाया उत्सव

घरघोड़ा। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, घरघोड़ा में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही उत्साह, उमंग और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना से लेकर भजन-कीर्तन, सामूहिक नृत्य और भव्य शोभायात्रा तक विभिन्न आयोजन किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण की आरती एवं पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय के भैया-बहनों द्वारा भजन-कीर्तन एवं सामूहिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इसके बाद विद्यालय परिवार द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा नगर के विभिन्न चौक-चौराहों से होकर गुजरी। इस दौरान विद्यालय के भैया-बहनों ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया तथा ‘जय श्री कृष्ण’, ‘नंद घर आनंद भयो’ जैसे उद्घोषों से पूरा नगर कृष्णमय हो गया। कई बच्चे राधा-कृष्ण का मनमोहक रूप धारण कर शोभायात्रा में शामिल हुए।
शोभायात्रा का नगरवासियों एवं समाजसेवियों द्वारा जगह-जगह फूलों की वर्षा कर स्वागत किया गया। समाजसेवीगणों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उपहार भी वितरित किए।
दही हांडी के लिए बनाया मानव पिरामिड
कार्यक्रम के अंतिम चरण में बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं की याद दिलाते हुए दही हांडी फोड़ने के लिए मानव पिरामिड बनाया। उत्साह और उमंग से भरे इस आयोजन ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और पूरा परिसर जय श्रीकृष्ण के जयघोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यक्ष जानेश्वर मिश्रा, सचिव एवं अधिवक्ता सुनील सिंह ठाकुर, प्राचार्य जितेंद्र कुमार मिश्रा, पूर्व प्राचार्य देव नारायण पटेल, प्रधानाचार्य श्रीमती अनिता गोपाल सहित विद्यालय के समस्त आचार्य-दीदी एवं भैया-बहन उपस्थित रहे।
बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए श्रीमती गीता मिश्रा एवं श्रीमती झरना ठाकुर, अध्यक्ष राजपूत क्षत्रिय महिला समाज, घरघोड़ा भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की झांकी और शोभायात्रा का नगर के समाजसेवीगणों ने आत्मीय स्वागत किया तथा बच्चों को उपहार प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर उपस्थित लोगों ने भगवान श्रीकृष्ण के कर्म, धर्म, प्रेम और कर्तव्य के संदेश को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।
“नंद घर आनंद भयो, जय हो नंदलाल की!
हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की!!”
जय श्री कृष्ण! 🚩🦚
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





