बिलासपुर। Political News: राज्य सरकार के खिलाफ अब भाजपा महिला मोर्चा भी आंदोलन की तैयारी में है। प्रदेश में दो साल के कार्यकाल में हुई महिला प्रताड़ना व उत्पीड़न समेत बढ़ते आपराधिक घटनाक्रम के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा 20 फवरी को राजधानी रायपुर में धरना-प्रदर्शन करेंगी। पदाधिकारियों का आरोप है कि प्रदेश सरकार महिलााओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह से विफल है।

 

 

 

भारतीय जनता पार्टी के करबला स्थित कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष हर्षिता पांडेय, भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष जयश्री चौकसे, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पूजा विधानी ने कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार महिलाओं के साथ थी और उनकी सुरक्षा के लिए पूरी जिम्मेदारी से काम कर रही थी। जबकि कांग्रेस के दो साल के कार्यकाल में उत्पीड़न व अत्याचार की घटनाएं बढ़ी हंै। विशेष कर दलित शोषित वर्ग की महिलाओं के उत्पीड़न की कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

प्रदेश में दुष्कर्म की घटनाएं लगातार बढ़ रही है। लेकिन दुखद है कि सरकार के मंत्री अपनी सरकार को खुश करने के लिए इस तरह की घटनाओं को छोटी घटनाएं बताने से बाज नहीं आ रहे हैं। पदाधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रपति द्वारा गोद लिए गए पहाड़ी कोरवा जाति की बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म व हत्या की घटना से लग रहा है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। सरगुजा जिले में एक बहन को छह बार बेच दिए जाने के बाद सातवीं बार बेचने के प्रयास से क्षुब्ध होकर आत्महत्या करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

इस तरह की घटनाओं में उन्होंने सत्ताधारी दल के नेताओं के शामिल होने का आरोप लगाया है। रायपुर, दुर्ग-भिलाई, सरगुजा, बस्तर, राजनांदगांव सभी तरफ महिलाओं के साथ उत्पीड़न की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रेस कांफ्रेस में डाटा भी प्रस्तुत किया। इसके मुताबिक जनवरी 2019 से जनवरी 2020 तक दुष्कर्म की 5,350 घटनाएं हो गई हैं। कई ऐसे भी मामले हैं जो थाने तक नहीं पहुंच पाते। ऐसे ही अपहरण के 438 मामले और अजजा वर्ग के लोगों के साथ 860 अपराध दो वर्ष में हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ अपराध गढ़ के रूप में विकसित हो रहा है।

महिलाओं के खिलाफ हो रही घटनाओं को लेकर भाजपा महिला मोर्चा द्वारा 20 फरवरी को राजधानी रायपुर में धरना प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें राज्यसभा सदस्य सरोज पांडेय, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा रमन सिंह, पूर्व मंत्री लता उसेंडी समेत भाजपा के सभी नेता उपस्थित रहेंगे। इस दौरान राज्यपाल के नाम ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। इसी तरह महिला मोर्चा द्वारा मार्च महीने में विधानसभा का घेराव भी किया जाएगा।