देवरी पिकनिक स्पॉट हादसा: हसदेव नदी में बहे तीनों युवकों के शव बरामद…
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
देवरी पिकनिक स्पॉट हादसा: हसदेव नदी में बहे तीनों युवकों के शव बरामद


जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र स्थित देवरी पिकनिक स्पॉट में हसदेव नदी के तेज बहाव में बहे तीनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। रविवार सुबह एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीम ने नदी में सर्च ऑपरेशन चलाकर दो और शवों को बाहर निकाला। तीनों शवों को बलौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के चौकसे कॉलेज में बी.फार्मा प्रथम वर्ष में अध्ययनरत 4 छात्र और 4 छात्राएं शुक्रवार को पिकनिक मनाने देवरी गांव पहुंचे थे। इसी दौरान पवन लाल, सचिन सिंह और मुरारी साहू नदी किनारे सेल्फी लेने के दौरान हादसे का शिकार हो गए।
बताया गया कि एक छात्र का पैर फिसलने के बाद वह नदी में बहने लगा। उसे बचाने के प्रयास में पानी में उतरे उसके दो दोस्त भी तेज बहाव की चपेट में आ गए और बह गए।
घटना की सूचना मिलते ही बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। शनिवार को पवन का शव बरामद कर लिया गया था। वहीं रविवार सुबह करीब 6:15 बजे सचिन सिंह का शव बरामद हुआ। इसके बाद करीब 7 बजे मुरारी साहू का शव भी खोज निकाला गया। बताया गया कि मुरारी का शव पत्थरों के बीच बनी खोह में फंसा हुआ था, जिसे एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीम ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
हादसे के बाद प्रशासन सख्त
देवरी पिकनिक स्पॉट पर हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की तैयारी शुरू कर दी है। एसडीएम ने टापू तक पहुंचने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग करने तथा प्रतिबंधित क्षेत्र में लोगों के प्रवेश को रोकने के लिए चेतावनी पोस्टर लगाने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन का उद्देश्य नदी के खतरनाक हिस्सों में लोगों की आवाजाही रोककर भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति को रोकना है।
📕 पर्दाफाश न्यूज
हर घोटाले से पर्दा उठेगा… होगा पर्दाफाश।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





